मिठौरा। मेले में जाने के लिए नए जूते खरीदने की जिद कर रहे शिवम (12) की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके पिता नया जूता खरीदने का वादा करके घर से निकले थे। वापस लौटे तो उसका शव फंदे से लटकता मिला।
यह ह्दय विदारक घटना कोतवानी थाना क्षेत्र के बसंतपुर राजा गांव की है। गोविंद का बेटा मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे पिता से मेले में जाने के लिए जूते खरीदने की जिद कर रहा था। उसके पिता टेंपो चलाते हैं। उन्होंने बेटे को समझाया कि वह मिक्सिंग मशीन पहुंचाकर आएंगे, उसके बाद जूता खरीद देंगे। इसके बाद गोविंद टेंपो लेकर काम पर निकल गए। शिवम की मां पुष्पा भी अपनी किराने की दुकान पर चली गईं।
घर आई एक रिश्तेदार की बेटी कुछ देर बाद उसके लिए खाना लेकर छत पर पहुंची। शिवम को खोजेते हुए छत पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर चीख उठी। शिवम घर की छत पर बने अर्धनिर्मित मकान के बीम से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग व परिजन पहुंच गए।
उसे नीचे उतारा गया और मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शिवम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता के लौटने और जूता खरीदने का वादा अधूरा रह गया। हालांकि, जूता खरीदने को लेकर हुई बातचीत और घटना के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।