-रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। माध्यमिक विद्यालयों के जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को बापू शताब्दी इंटर कॉलेज जहदा के खेल मैदान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ कालेज के प्रबंधक नाथू प्रसाद चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उसके बाद खेल की शुरुआत में सीनियर वर्ग में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज सिसवा बाजार और शिव नारायण इंटर कॉलेज सबया के बीच खेला गया। खेल की दूसरी पारी में शिव नारायण इंटर काॅलेज के खिलाड़ियों ने रोमांचक मुकाबले के बीच 1-0 की बढ़त हासिल कर महात्मा गांधी इंटर काॅलेज सिसवा बाजार पर जीत हासिल की। वहीं जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में किसी भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग नहीं किया। इसलिए बापू शताब्दी इंटर काॅलेज जहदा के टीम को निर्णायक मंडल की ओर से वाक ओवर दे दिया गया।
इस प्रकार सीनियर वर्ग में शिव नारायण इंटर काॅलेज सबया व जूनियर वर्ग में बापू शताब्दी इंटर काॅलेज जहदा की टीम विजयी घोषित हुई। प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रबंध समिति के प्रभुनाथ सिंह, अरुण कुमार पांडेय, विवेक कुमार, अरमान अंसारी आदि मौजूद रहे।