महराजगंज। 25 वार्डों के लिए राहत भरी खबर है। लोगों को जलभराव से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका जल निगम से मदद लेकर जल्द सीवर लाइन तैयार कराएगा। इसके लिए 58 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। सीवर लाइन का चिह्नांकन भी शुरू किया जा रहा है।
महराजगंज नगर पालिका में सीवर लाइन की व्यवस्था न होने से वार्डों की नालियों का पानी नहीं निकल पाता है। सीवर लाइन की व्यवस्था होती तो नालियों का पानी और अन्य गंदगी को आसानी से निस्तारित भी कराया जाता। सीवर के अभाव में बारिश के दिनों में अधिकतर वार्ड के मुख्य मार्ग जल भराव की चपेट में आ जाते हैं।
जलभराव की स्थिति महीनों तक बनी रहती है जिसके कारण सड़कों की उम्र भी घटती है। लेकिन अब स्थायी निदान की रूपरेखा न सिर्फ तैयार हो गई है, बल्कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद नगर पालिका जल निगम के साथ सामंजस्य बिठाकर नगर पालिका परिषद के वार्डों में 10 किमी सीवर लाइन के लिए चिह्नांकन शुरू किया गया है।
रोबोट से कराई जाएगी सफाई
सीवर लाइन निर्माण के बाद जोखिम भरे नालों की सफाई के लिए मानव श्रम की जगह रोबोट लगेंगे। इससे सफाई कर्मचारियों को नालों में घुसने या सीवर लाइन में उतरने से आजादी मिल जाएगी। रोबोट के माध्यम से बिना किसी जोखिम और हादसे के सिर्फ 15 से 20 मिनट में सफाई हो जाएगी। नियमित सफाई व जल जमाव से निजात तो मिलेगी ही साथ ही मच्छरों का प्रकोप भी कम होगा।
नगर पालिका परिषद के 25 वार्डों के अंतर्गत करीब 10 किली सीवर लाइन का जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा। इसके लिए शासन को 58 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे दो दिन पहले ही मंजूरी मिली है। सीवर लाइन का चिह्नांकन किया जा रहा है।
-आलोक कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, महराजगंज