10 अगस्त से जिला अस्पताल में बंद है सीटी स्कैन जांच की सुविधा
महराजगंज। जिला अस्पताल में करीब 2.70 करोड़ रुपये की लागत से लगाई गई नई सीटी स्कैन मशीन का तकनीकी सेटअप पूरा हो गया है। अगर सब कुछ सही तरीके से हुआ तो शनिवार से जिला अस्पताल में सीटी स्कैन जांच शुरू हो जाएगी।
जिला अस्पताल में 10 अगस्त से सीटी स्कैन जांच सेवा बंद है। जांच बंद होने से मरीजों को निजी पैथोलॉजी में 1800 से 4000 रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है। नई मशीन शुरू होने के बाद जिला अस्पताल में ही सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को निजी केंद्रों पर जाने की जरूरत कम होगी और जांच में होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।
सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि मशीन का तकनीकी सेटअप पूरा हो चुका है। यूपीएस आने के बाद सॉफ्टवेयर इंस्टाल कर मशीन का परीक्षण किया जाएगा। सभी प्रक्रिया पूरी होने पर शनिवार से सीटी स्कैन जांच शुरू कराने का प्रयास है।