फ्लैश फ्लड में बहे थे दो महिला और दो पुरुष, खड्डा क्षेत्र से बरामद हुए शव
सोनौली। नेपाल में आए जलप्रलय के दौरान गंडक नदी में बहकर भारत के कुशीनगर जिले तक पहुंचे चार शवों को नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया। इनमें दो महिलाओं और दो पुरुषों के शव हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब साढ़े तीन बजे कुशीनगर के तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में शवों को नेपाल पुलिस के हवाले किया गया। उक्त चारों शव खड्डा थाना क्षेत्र में गंडक नदी से बरामद किए गए थे। नेपाल पुलिस के बेलहिया पुलिस स्टेशन के सहायक उपनिरीक्षक निम बहादुर सुनार की मौजूदगी में शवों को औपचारिक रूप से नेपाल पुलिस को सौंपा गया। इसके बाद चारों शवों को शववाहनों में रखकर नेपाल के बुटवल के लिए रवाना कर दिया गया। इस मौके पर चौकी प्रभारी सोनौली उमाकांत सरोज सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।