महराजगंज। राशन योजना का लाभ लेने वाले कार्ड धारकों को हर हाल में ई-केवाईसी कराना है, लेकिन पोर्टल की धीमी गति और सर्वर डाउन होने से हजारों लोग परेशान हैं। ई-केवाईसी के लिए वह मौके पर जाते तो हैं लेकिन, उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ता है।
जिले में ई-केवाईसी का कार्य अब तक मात्र 45 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। इससे लोगों को आने वाले दिनों में राशन के लाले भी पड़ सकते हैं। पिछले सोमवार को कई दिनों बाद पोर्टल ने सही काम करना शुरू किया था। इसके बाद राशन की दुकानों पर ई-केवाईसी के लिए भीड़ उमड़ी थी, लेकिन अब एक बार फिर से सर्वर के बीच-बीच में डाउन होने के कारण पोर्टल सही से काम नहीं कर रहा है।
इससे लोग परेशान हैं। जबकि अब तक ई-केवाईसी से संबंधित 60 प्रतिशत तक कार्य पूरा हो जाना चाहिए था। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में करीब चार लाख से अधिक लोगों को ई-केवाईसी करानी है। इनमें से 29 जुलाई तक 45 प्रतिशत लोगों की ही ई-केवाईसी हो सकी है।
जिले में राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी कराई जा रही है। राशन वितरण होता रहेगा। ई-केवाईसी से वितरण प्रभावित नहीं होगा।
-एपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी