कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव को लेकर बैठक को संबोधित करते डीएम सत्येन्द्र कुमार।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
महराजगंज में सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट ईवीएम संचालन की बेहतर जानकारी रखना सुनिश्चित करें। ऐसा करने से जहां किसी भी मतदेय स्थल पर मतदान के दौरान किसी तकनीकी समस्याओं से निपटने में मदद मिलेगी, वहीं, मतदान प्रक्रिया को भी बेहतर ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा। ये निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित नौतनवां, पनियरा व फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर व जोनल मजिस्ट्र्ेटों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में नियमों को लेकर बेहद सतर्कता दिखाई जाए ताकि किसी प्रकार के विवाद से बचा जा सके। सेक्टर मजिस्ट्रेट रीपोल की संभावनाओं को टालने के लिए प्रत्येक पहलू का बारीकी से अध्ययन कर लें। मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि पोलिंग पार्टी की पूरी जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट की है। पीठासीन अधिकारी की शंकाओं के समाधान के लिए भी सेक्टर मजिस्ट्रेट ही उत्तरदायी होंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट नए नियमों को अच्छी तरह से समझ लें, ताकि कोई समस्या न हो।
अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि इस बार के चुनाव में पोस्टल बैलेट सुविधा का विस्तार किया गया है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने दायित्वों को अच्छी तरह समझते हुए तैयारियां करना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण देते हुए परियोजना निदेशक आरके पाल ने कहा कि इस बार सभी बूथों पर कोविड सहायता केंद्र स्थापित होगा। सभी को सामाजिक दूरी का पालन करना होगा। इस दौरान सभी जोनल, सेक्टर व निर्वाचन से जुड़े अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।
नेटवर्कविहीन बूथों पर होगी वायरलेस की सुविधा
इस बार के विधानसभा चुनाव में नेटवर्कविहीन बूथों पर वायरलेस सेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि किसी प्रकार की सूचनाओं व गतिविधियों की त्वरित जानकारी प्राप्त हो सके।
नामांकन दाखिल करने से पहले बैंक खाता खोल लें संभावित प्रत्याशी
जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार निर्वाचन व्ययों के भुगतान के लिए अलग बैंक खाता खोल लें। ये खाते नामांकन दाखिल करने से एक दिन पूर्व तक खुल जाना चाहिए। खाता अभ्यर्थी के नाम से, निर्वाचन अभिकर्ता के नाम से अथवा संयुक्त रूप से खोलना होगा।