महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, मातृ–शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण, वीएचएसएनडी, एनसीडी, आयुष्मान कार्ड, क्षय रोग उन्मूलन, परिवार नियोजन, ई-संजीवनी आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की।
उन्होंने टीकाकरण में बैकलॉग को समाप्त करने का निर्देश दिया। टीकाकारण की सूची का भौतिक सत्यापन कर 15 दिन में अवगत कराएं। उन्होंने ई-संजीवनी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए टेली कंसल्टेशन में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए टेली कंसल्टेशन को और ज्यादा और गुणवत्तापरक बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने ओपीडी की समीक्षा करते हुए बिना अनुमति और सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित बृजमनगंज की सीएचओ रवीना और लक्ष्मीपुर में तैनात एएनएम शैलेष यादव व विनीता कुशवाहा और परतावल में तैनात एएनएम सिंपल शर्मा को हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों में जन्मे शत-प्रतिशत बच्चों को बीसीजी सहित समस्त टीकों को लगवाते हुए मंत्रा एप पर फीडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव में वृद्धि का निर्देश दिया।
उन्होंने अल्ट्रासाउंड के लिए ई-वाउचर सुविधा की समीक्षा करते हुए पनियरा और बृजमनगंज में संतोषजनक प्रगति न होने पर नाराजगी व्यक्त की और समस्त गर्भवती महिलाओं को ई-वाउचर जारी करने का निर्देश दिया।
दो माह में कोई बच्चा एनआरसी में न आने पर नाराजगी व्यक्त की और सैम बच्चों को चिह्नित कर एनआरसी रेफर करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने संचारी रोग अभियान के संदर्भ में माइक्रो प्लान 27 जून तक सीएमओ कार्यालय को प्रेषित करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डाॅ. राकेश कुमार मौजूद रहे।