महराजगंज। गोरखपुर जोन की उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक अंतरजनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 में खिलाड़ियों के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। बुधवार को कुशीनगर, महराजगंज और गाेंडा की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मुकाबला कुशीनगर और सिद्धार्थनगर की टीमों के बीच खेला गया। इसमें कुशीनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पारी में 141 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिद्धार्थनगर की टीम कुशीनगर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 79 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह कुशीनगर ने 62 रन से शानदार जीत दर्ज की। कुशीनगर के सुमित को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने महज 33 गेंदों में 51 रन की आक्रामक पारी खेली और गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया।
दूसरा मुकाबला मेजबान महराजगंज और बलरामपुर की टीमों के बीच हुआ। इसमें बलरामपुर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 77 रन पर सिमट गई। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी महराजगंज की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। महराजगंज की जीत में गेंदबाज मनीष सिंह की अहम भूमिका रही। उन्होंने महज दो ओवर की गेंदबाजी में तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर बलरामपुर की टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। मनीष को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
तीसरा मुकाबला गोंडा और बस्ती के बीच खेला गया। इसमें बस्ती की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 70 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोंडा की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और सात विकेट से जीत हासिल की। गोंडा के अरविंद राय ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 23 गेंदों में 35 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 2.2 ओवर में पांच विकेट झटके। उनके इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।