इंडेन गैस एजेंसी आनंदनगर के गोदाम में मिले सिलिंडर
फरेंदा के रेस्टोरेंट में प्रयोग हो रहा घरेलू गैस, कार्रवाई का आदेश
फरेंदा। गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच एसडीएम शैलेंद्र कुमार गौतम व पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित बाट माप अधिकारियों की टीम ने बृहस्पतिवार को गैस एजेंसियाें व रेस्टोरेंट में छापा मारा। इस दौरान गोदाम में छिपाकर रखे गए 27 सिलिंडर बरामद हुए। एसडीएम ने सिलिंडर को तत्काल ग्राहकों में वितरित करा दिया।
एसडीएम शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार को इंडेन गैस एजेंसी आनंदनगर में टीम ने छापा मारा तो गोदाम में 27 सिलिंडर छिपाकर रखे हुए पाए गए। जबकि ग्राहकों को बताया जा रहा है कि गैस खत्म हो गई है। बरामद सिलिंडरों को तत्काल लेखपाल की उपस्थिति में ग्राहकों में वितरित करा दिया गया। साथ ही पूर्ति निरीक्षक को विधिक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
वहीं राधे एचपी गैस एजेंसी धानी के निरीक्षण में गोदाम में भरा हुआ कोई सिलिंडर नहीं मिला। 15 मार्च के बाद कोई गैस की आपूर्ति नहीं हुई थी। पूर्ति विभाग के माध्यम से एचपी के अधिकारियों से बात करने के बाद आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा धानी बाजार व फरेंदा कस्बे के रेस्टोरेंट की भी जांच की गई। कस्बे के पन्नेलाल रेस्टोरेंट में दो घरेलू गैस सिलिंडर पाए गए। एसडीएम ने दुकान के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को निर्देश दिया।
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर, ग्राहक परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। रसोई गैस की किल्लत के बीच होम डिलेवरी का प्रशासन का दावा फेल नजर आ रहा है। रसोई गैस के अभाव में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ग्राहक गैस सिलिंडर के लिए दर-दर भटक रहे हैं। गैस एजेंसी पर रात से ही ग्राहकों की कतार लग जा रही है। पूरा दिन लाइन में खड़ा होने के बाद भी गैस सिलिंडर मिलना मुश्किल साबित हो रहा है।
फरेंदा क्षेत्र के इंडेन गैस एजेंसी व भारत गैस एजेंसी सहित अन्य एजेंसियों पर ग्राहकों की भारी भीड़ लग रही है। ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन की बुकिंग के नियम के बाद अधिकांश लोगों को समय से गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रही है। लोगों को लकड़ी और उपलों की मदद से खाना पकाना पड़ रहा है। त्योहार का समय है ईद व नवरात्र के दिनों में गैस की खपत भी बढ़ गई है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की बुकिंग के नियम के बाद ग्राहक परेशान है। दुकानदारों को व्यवसायिक सिलिंडर भी नहीं मिल रहा है जिसके कारण दुकान भी प्रभावित हो रही है।
वर्जन
गैस सिलिंडर की बुकिंग होने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। गैस सिलिंडर नहीं मिलने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन का होम डिलिवरी का दावा भी फेल नजर आ रहा है।
-अनिल जायसवाल, फरेंदा
-
सिलिंडर के अभाव में दुकान बंद होने के कगार पर है। कई दिनों से व्यावसायिक गैस सिलिंडर न मिलने से काफी परेशानी हो रही है। दुकान बंद होने से रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है।
-सोहन, फरेंदा