नामांकन बढ़ाने के लिए फिर चलेगा स्कूल चलो अभियान
महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए एक बार फिर जिले में स्कूल चलो अभियान संचालित किया जाएगा। 11 जुलाई तक चलने वाले अभियान में जिले के सभी 12 ब्लॉकों में शिक्षा से वंचित विद्यार्थियों का नामांकन कराए जाने की पहल होगी। ऐसा कर जहां लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा, वहीं बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा में लाने में सफलता मिलेगी।
अप्रैल माह में जिले में स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम का प्रथम चरण संचालित करते हुए कुल लगभग 52 हजार विद्यार्थियों का प्रवेश कराया गया था। जिम्मेदारों ने अब एक बार फिर छूटे बच्चों का प्रवेश करने की योजना बनाई है तथा 11 जुलाई तक प्रवेश करने का निर्णय लिया है। ऐसे मेें अब विद्यालय स्तर के शिक्षक व विद्यालय प्रबंध समिति के जिम्मेदार एक बार फिर संबंधित ग्राम पंचायत में ऐसे बच्चों को चिह्नित कर प्रवेश कराएंगे, जिनकी उम्र पांच से 14 वर्ष के बीच है। यहीं नहीं प्रवेश को बढ़ावा देने के लिए रैली निकालने, घर-घर संपर्क करने के कार्य को भी विद्यालय के स्तर से किया जाएगा।
---------------------------------------
बीईओ करेंगे स्कूलों के कार्यक्रम का पर्यवेक्षण
ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए जो अभियान चलना है, उस कार्यक्रम का पर्यवेक्षण खंड शिक्षा अधिकारी के स्तर से किया जाएगा।
----------------------------------------
परिषदीय विद्यालयों में नामांकन की संख्या बढ़ाने के लिए शासन के निर्देश के क्रम में एक बार फिर 11 जुलाई तक कवायद की जाएगी।
आशीष कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी