बागापार। सरदार बल्लभ भाई पटेल कन्या इंटर काॅलेज कसमरिया में चल रहे पांच दिवसीय अंतर विद्यालयीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता में चौथे दिन वाॅलीबाॅल, रस्सी खींच, खोखो प्रतियोगिता आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वालों को मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना चंद्रा की ओर से मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
वाॅलीबाॅल खेल के रोमांचक मुकाबले में आरएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल पतरेंगवा को सरदार बल्लभ भाई पटेल कन्या इंटर काॅलेज ने पराजित कर दिया। इसी प्रकार रस्सी खींच प्रतियोगिता में आरएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल पतरेंगवा ने मेजबान टीम को पराजित कर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना चंद्रा ने कहा कि खेल से बच्चों के अंदर नई ऊर्जा का संचार होता है। विशिष्ट अतिथि मातारानी रुमाली देवी महिला पीजी कॉलेज नदुआ के प्रबंधक आदित्य श्यामदेव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत सी प्रतिभाएं हैं। इस अवसर पर न्यायाधीश सागर सिंह, साक्षी सिंह, डाॅ. दीपक चंद्रा, मनोज वर्मा, ऋषिकेश गुप्ता, शिवकुमारी पटेल, त्रिलोकी वर्मा मौजूद रहे।