महराजगंज। होली पर्व को लेकर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद स्तर पर जांच अभियान चलाया है। विभाग की टीम ने शनिवार को विभिन्न बाजारों में सघन निरीक्षण किया।
अभियान के तहत चौक बाजार स्थित किराना स्टोर से किशमिश, बेसन और नौतनवा में बेकर्स से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल तथा नगर स्थित स्वीट्स से खोआ के नमूने लिए। ये सभी नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। अभियान के तहत अब तक जनपद के विभिन्न बाजारों से विभाग ने 10 दिनों में 23 नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। इनमें होली के दौरान बड़े पैमाने पर उपयोग होने वाले बेसन, खोआ, मेवा, तेल, रंगाई वाली वस्तुएं तथा अन्य त्योहारी सामग्री शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को दुकानों में उचित साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, एक्सपायरी डेट जांचने तथा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, पवन गौंड़ एवं हिमांशु जयंत की टीम ने निरीक्षण कर कार्रवाई की।