महराजगंज। एक जनपद एक व्यंजन की सूची में स्थान बनाते ही जिले की राम कटोरी मिठाई की बिक्री तीन दिवसीय यूपी दिवस में बढ़ गई है। यूपी दिवस में एक छोटे से स्टॉल पर पहले दिन एक क्विंटल राम कटोरी मिठाई की बिक्री हुई थी। रविवार को बिक्री में और भी उछाल आया।
यूपी दिवस के पहले दिन देश के गृहमंत्री अमित शाह ने एक जनपद एक व्यंजन के प्रारूप की जानकारी देकर प्रत्येक जिले को इसका महत्व बताया। कुल चार व्यंजन राम कटोरी, वेज विरयानी, गुड़ का लट्ठा व मीठे समोसे की सूची तैयार हुई। यूपी दिवस में एक छोटे से स्टॉल से पहले दिन राम कटोरी की बिक्री 108 किलो रही। रविवार शाम तक इसकी बिक्री 167 किलो से अधिक हो चुकी थी। बिक्री का ग्राफ देखकर यह तय माना जा रहा कि राम कटोरी मिठाई जिले के प्रमुख व्यंजन में शुमार होगी।
उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया किएक जिला एक व्यंजन के तौर पर चार व्यंजन सूची सीडीओ कार्यालय में विभाग से दी गई। उक्त में से राम कटोरी व गुड़ उत्पाद लट्ठा का स्टॉल यूपी दिवस में लगवाकर बिक्री आंकी गई। राम कटोरी बिक्री में सबसे आगे रही।