महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्ष्ता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति और बेसिक शिक्षा के कार्यों की समीक्षा हुई।
पोषण ट्रैकर, आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प, नवीन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, सैम/मैम बच्चों के पोषण की स्थिति, टीएचआर और नवाचार सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। डीएम ने उच्च पोषण युक्त पूरक भोजन दिए जाने के परिणामस्वरूप आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति और उनके सुधार के विषय में जानकारी ली।
डीपीओ दुर्गेश कुमार ने बताया कि सभी ब्लॉकों में उच्च पोषण युक्त पूरक भोजन का वितरण कराया जा रहा है और बच्चों की उपस्थिति व स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। जिलाधिकारी ने बेसलाइन सर्वे के उपरांत हुए सुधार के संदर्भ में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट प्रस्तुत होने तक किसी भी सीडीपीओ का वेतन जारी न करने का निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माणकार्य के प्रगति की जानकारी लेते हुए अवशेष आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण कराए जाने के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया।