महराजगंज। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने मंगलवार को कार्यालय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभागीय योजनाओं के लिए मिले बजट खर्च न करने व धनराशि वापस न लौटाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चार एसीएमओ, जिला लेखा प्रबंधक, दो डिप्टी सीएमओ और 11 ब्लॉकों के बीपीएम का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि संबंधित प्रोग्रामों के नोडल अधिकारियों में चार एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र कुमार आर्या, डॉ. नवनाथ प्रसाद, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार और दो डिप्टी सीएमओ में डॉ. वीर विक्रम सिंह, डॉ. केपी सिंह और जिला लेखा प्रबंधक राजकुमार समेत 11 ब्लॉकों के बीपीएम का दिसंबर माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। उन्होंने इन अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन स्तर से मिले लक्ष्य को अगर पूरा नहीं किया गया तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन को मिला बजट भी खर्च न कर पाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई थी। इसमें एएनएम व आशा के भुगतान में भी लापरवाही सामने आई थी। सीएमओ ने जिम्मेदारों को सभी आशा व एएनएम का समय से भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण सत्र को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। कहा कि जो भी पात्र हैं, उनका आयुष्मान कार्ड जरूर बनना चाहिए। कोई भी पात्र इससे वंचित न रहे। सीएमओ ने जननी सुरक्षा योजना, मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम, जन आरोग्य योजना, टीकाकरण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।