महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं को सुना गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने पूर्व सैनिकों की ओर से प्राप्त समस्याओं को प्रस्तुत किया। इसमें भूमि विवाद, सहायक उपकरण, साफ-सफाई और अवैध अतिक्रमण सहित कुल आठ प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए और त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने ने कहा कि देश और समाज के प्रति सैनिकों का योगदान अमूल्य है। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर (सेवानिवृत्त) बृज मोहन ने जिला प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया।