महराजगंज। क्रिकेट की तरह ओलिंपिक और एशियाई खेलों में देश का प्रदर्शन बढ़ाने के लिए खेलों इंडिया जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र से खिलाड़ी निकल सकें।
ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं के जरिए युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें इसके लिए मनरेगा से जिले के तीन विकास खंडों में मनरेगा से ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण तेजी से पूरा कराया जा रहा है जिससे नए वित्तीय सत्र प्रारंभ होने से पहले यह स्टेडियम तैयार हो सकें।
ग्रामीण क्षेत्र से प्रतिभाएं निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर जनपद की पहचान बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। अब इन्हें अपना खेल प्रदर्शन सुधारने व तैयारी के लिए ग्रामीण स्टेडियम की सौगात मनरेगा से मिलेगा जिसका निर्माण अंतिम चरण में है। उपायुक्त मनरेगा करुणाकर अदीब ने बताया कि सदर ब्लॉक के चेहरी, लक्ष्मीपुर के सोनवल और बृजमनगंज के विश्रामपुर में स्टेडियम निर्माण तेजी से पूर्ण कराया जा रहा है।
प्रत्येक स्टेडियम दो एकड़ और 47 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा। बृजमनगंज एपीओ अवनीश शुक्ला ने बताया कि निर्माण लगभग पूरा हो गया है। फरवरी में प्लास्टर व पुट्टी कार्य हो गया गया है और स्टेडियम का गेट लगवा दिया गया है।
स्टेडियम में एक हाल और तीन कमरों का निर्माण पूरा कराया जा रहा है। पुरुष-महिला शौचालय व पेयजल का इंतजाम भी यहां किया जाएगा। इस महीने में सभी कार्य और रंगाई पूरी कर ली जाएगी।