महराजगंज। अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनने वाली सड़कें और मजबूत होंगी। शासन की ओर से सड़क में चारकोल के साथ पतली प्लास्टिक की कटिंग मिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस प्रयोग से सड़क मजबूत तो होगी ही साथ ही इससे ग्राम पंचायतों को कमाई का जरिया भी मिल सकेगा। पीएमजीएसवाई से बनने वाली सड़क में 0.02 एमएम से 0.05 एमएम प्लास्टिक कटिंग मिलाने का निर्देश जारी किया गया है। जिले में पहली बार इसका प्रयोग किया जाएगा।
प्लास्टिक खरीद ग्राम पंचायतों से करने के लिए विभाग ने पंचायतीराज विभाग से संपर्क कर उपलब्धता तय कराने में मदद मांगी है। जनपद में कुल 883 ग्राम पंचायतें हैं इन्हीं ग्राम पंचायतों से खरीद की व्यवस्था करनी है।
प्लास्टिक मिश्रित सड़क निर्माण से ग्राम पंचायतों को आय सृजन का मौका मिला है। ग्राम पंचायतें कटिंग मशीन स्थापित कर ग्रामीणों से प्लास्टिक का कचरा खरीदेंगी और इसकी बिक्री पीएमजीएसवाई को करते हुए कमाई भी करेंगी। सबल ग्राम पंचायत अपने यहां सिर्फ कटिंग मशीन व्यवस्थित कराकर आय का जरिया प्राप्त कर सकेंगी।
पनियरा में पीएमजीएसवाई करेगा पहला प्रयोग
अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई ने बताया कि ग्राम पंचायत 0.02 से लेकर 0.05 एमएम की प्लास्टिक कटिंग उपलब्ध कराएंगे। यह दिखने में भूसे की तरह होगा जिसे तारकोल (डामर) पिघलाते समय मिलाया जाएगा। गिट्टियों में पिघले तारकोल व पिघले प्लास्टिक को मिश्रित कर उपयोग होगा। पनियरा ब्लाॅक के बैदा से बांकी मंदिर जो लक्ष्मीपुर ग्राम पंचायत में रोहिन नदी के किनारे 1.5 किमी का स्वीकृत है उसमें पहला प्रयोग किया जाएगा।