निचलौल। विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण इलाकों में पिछले दो दिनों से उपभोक्ताओं को दिन में तीन और रात में चार घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। जिम्मेदारों की लापरवाही से परेशान बिजली उपभोक्ताओं का मानना है कि बेहतर बिजली आपूर्ति करने का दावा महज कागजों में पूर्ति की जा रही है। क्योंकि इन दिनों उमस भरी गर्मी बढ़ने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। हर पांच मिनट पर बिजली ट्रिप कर जा रही है।
निचलौल विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र में साउथ फीडर, बसुली फीडर, नार्थ फीडर, कोहड़वल फीडर, बढ़या और गड़ौरा फीडर से करीब 150 गांवों के उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। ग्रामीण मुकेश कुमार गुप्ता, वीरेंद्र, संतोष, गुड्डू भारती आदि लोगों ने कहा कि इन दिनों गर्मी के साथ ही बिजली की समस्या भी लोगों को परेशान कर रही है। दिन में तो बिजली की कटौती होती ही है, रात में भी बिजली न होने से लोगों को गर्मी में बहुत मुश्किल हो रही है। इससे लोगों को सोने में भी परेशानी हो रही है।
उप खंड अधिकारी नय्यर अनवर ने बताया कि गर्मी के कारण लोड बढ़ गया है। लोग एसी, कूलर, फ्रीज जैसे उपकरणों का अत्यधिक प्रयोग कर रहे हैं। इसका असर उपकेंद्रों पर लगे पॉवर ट्रांसफार्मर पर पड़ रहा है। ओवरलोड के कारण बिजली भी ट्रिप कर जा रही है। बिजली उपकरणों का लोग थोड़ा कम प्रयोग करें तो आपूर्ति सही हो सकती है। संवाद