महराजगंज। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत वित्तीय समावेशन थीम के अंतर्गत विकास भवन सभागार में 751 स्वयं सहायता समूहों को कुल 3.75 करोड़ रुपये की धनराशि का वितरण किया गया। यह धनराशि बैंक की ओर से समूहों को उनकी सामूहिक आर्थिक गतिविधियों के लिए विशेष रूप से प्रदान की गई है। उपायुक्त स्वत: रोजगार बृजभूषण सिंह ने स्वयं सहायता समूहों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ये समूह ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और अन्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस सीसीएल वितरण से 751 समूहों को कार्यशील पूंजी प्राप्त होगी। इससे वे अपनी व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ा सकेंगे।
परियोजना निदेशक रामदरस चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वावलंबी बनाना है। इसके तहत उन्हें विभिन्न प्रशिक्षण के जरिए वित्तीय सहायता दी जाती है, ताकि वे अपने छोटे-छोटे व्यवसायों को सुचारु रूप से चला सकें। जिला अग्रणी प्रबंधक भूपेंद्र नाथ मिश्रा ने बैंक की ओर से स्वयं सहायता समूहों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता पर जोर देते हुए कहा कि यह सुविधा समूहों को अपनी गतिविधियों के लिए आवश्यक पूंजी जुटाने में मदद करती है।