महराजगंज। शहर में लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े व वाहन निकलते रहें इसके लिए परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा और ऑटो का रूट प्लान निर्धारित कर इसके अनुपालन के लिए निर्देशित किया था, लेकिन स्थिति यह है कि मनचाहे रूट पर चालक बिना नियम फर्राटा भर रहे हैं। परिवहन विभाग की उदासीनता के कारण कोई कार्रवाई न होने के चलते समस्या पूर्ववत बनी है।
जनपद में ई-रिक्शा और ऑटो वालों की मनमानी पर कोई अंकुश नहीं है। इन्हें न नियम की फिक्र है और न कार्रवाई का भय। ई-रिक्शा हो अथवा ऑटो सवारी मिले तो यह किसी भी रूट पर चलने के लिए तैयार रहते हैं। नियम भले ही यह है कि जिस जगह से पंजीयन हो वहां से सिर्फ 10 किमी यात्रा ही कर सकते हैं, लेकिन ई-रिक्शा चालक फरेंदा, घुघली, परतावल और पनियरा तक बेखौफ चल रहे हैं।
परिवहन विभाग ने रूट नंबर लेकर चलने के लिए निर्देश दिया था, जिससे ई-रिक्शा का जमावड़ा एक ही रूट पर न होने पाए। फरेंदा रूट पर जिला अस्पताल के निकट, निचलौल रोड पर रोडवेज बस स्टाप के निकट व गोरखपुर मार्ग पर बलिया नाला पुल के पास ऑटो व ई-रिक्शा चालक अघोषित स्टैंड बनाए हुए हैं। प्रभारी यातायात अरूणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ऑटो और ई-रिक्शा के लिए रूट तय किया गया है। अगर इसका अनुपालन नहीं किया जा रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।