रोहिन नदी का तटबंध टूटा, जर्दी डोमरा बांध में रिसाव
लक्ष्मीपुर/पनियरा/पुरंदरपुर(महराजगंज)। नौतनवां तहसील क्षेत्र के लक्ष्मीपुर विकास खंड के मझार क्षेत्र से बहने वाली रोहिन नदी उफना गई है। नदी के दबाव से रविवार को ग्राम पंचायत खालिकगढ़ के कोईरी टोला के पास करीब 25 मीटर लंबाई में तटबंध टूट गया। प्रभावित लोगों को स्टीमर व नाव के सहारे सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। जर्दी डोमरा बांध से रिसाव शुरू हो गया है। इससे आसपास के लोग सहमे हुए हैं।
रोहिन नदी का तटबंध टूटने से मझार क्षेत्र के रजापुर, तेनुअहिया, मठिया ईदू, कोदईपुर, गिदहा, सोनराडीह, कुड़ियहवा, बसहवा, गौहरपुर, रानीपुर, नबाबीघाट, खालिकगढ़,बिशौवा, रामपुर झलुवा, भोतहा, नौडिहवा, दनदनहवा समेत एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी घुस गया है। इन गांवों के लोगों का आवागमन बंद हो गया है। पीएसी राहत व बचाव कार्य में जुट गई है। उप जिलाधिकारी नौतनवां प्रमोद कुमार ने बताया कि तटबंध करीब 25 मीटर की लंबाई में टूट गया है। जलस्तर नीचे आए बिना तटबंध की मरममत संभव नहीं है। प्रशासन की टीम स्टीमर व नाव के सहारे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।
औरहियां के पास जर्दी डोमरा बांध में बड़ा होल हो गया है। उससे हो रहे रिसाव से आसपास के ग्रामीणों में दहशत है। सिंचाई विभाग ने आसपास के गांवों के डेढ़ सौ मजदूरों को लगाकर बंधे पर मरम्मत कार्य शुरू करा दी है। तहसीलदार सदर मोहम्मद जसीम, नायब तहसीलदार सदर नवीन त्रिपाठी, नायब तहसीलदार कतरारी विवेकानंद दूबे और थानाध्यक्ष दिलीप कुमार शुक्ला मय फोर्स औरहियां बंधे पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। तहसीलदार सदर मो. जसीम ने बताया कि बांध की सुरक्षा में 15 लेखपालों की टीम लगा दी गई है।