नौतनवा के बरगदवा क्षेत्र में महाव नाला का निरीक्षण करते एसडीएम नवीन प्रसाद।
परसामलिक/खनुआ। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में रविवार की रात में भारी बारिश होने से नौतनवा ब्लॉक रोहिन और डंडा नदी के साथ ही महाव और बघेला नाला उफना गया हैं, जिससे आस पास बसे लोगों में बाढ़ का खौफ सताने लगा है। उफनाई डंडा नदी के जलस्तर ने नौतनवा-शेष फरेंदा मार्ग पर स्थित रजिया घाट पुल को अपने आगोश में ले लिया है। रजिया घाट पुल पानी में डूबा हुआ है, वहीं रपटा पुल पर करीब दो फीट पानी होने की वजह से आवागमन बधित हो गया है। महाव नाला में बाढ़ आने से क्षेत्र के किसानों को चिंता सताने लगी है। वहीं बघेला नाला उफान पर चल रहा है। बघेला नाला के पास गांवों के किसानों में बाढ़ को लेकर चिंता बनी हुई है। धान की फसल बाढ़ में डूबने से किसानों को ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। बघेला नाला के समीप रेहरा, महुलानी, बेलभार, मनिकौरा, विषखोप, लक्ष्मीपुर, परसा भरटोलिया, जिगिना, पिपरवास, बरनहवा गंगापुर, गंगवलिया, चकदह, शाहपुर आदि गांवों के किसान बाढ़ को लेकर गहन चिंता में डूब गए हैं। किसान जय किशुन यादव,महबूब अली, रामबचन यादव,संजय यादव आदि ने कहा कि समस्या बढ़ सकती है।
डंडा नदी में पानी बढ़ने से शेष फरेंदा, केवटलिया, करमहिया, रजिया घाट, मल्लाह टोला व नेपाल के पिपरहवा आने-जाने वाले राहगीरों को अपना रास्ता बदलना पड़ा है। इसके अलावा रपटा पुल के रास्ते नेपाल आने-जाने वाले लोग भी नहीं आ-जा सके। रजिया घाट पर मौजूद रपटा पुल सरहदी गांव शेष फरेंदा के अलावा नेपाल के पिपरिया, मेवाड़ी महवा, सुजौली, शंकरपुर, फूलपुर, दोगहरी, सिसवा व भैरहवा गांव को नौतनवा बजार से जोड़ता है। पुल पर पानी होने की वजह से राहगीरों व ग्रामीणों को चार से पांच किलोमीटर की परिक्रमा करनी पड़ रही है।