महराजगंज। बढ़ते कोहरे का असर वाहनों की रफ्तार पर पड़ने लगा है। सुरक्षित सफर का वास्ता देने वाली रोडवेज की बसें सड़क पर रेंगती नजर आ रही। पहले जो सफर इन बसों से घंटे भर में पूरा हो रहा था अब दोगुने से अधिक समय लग रहा। जिला मुख्यालय से गोरखपुर की दूरी महज 57 किमी है, लेकिन इन दिनों रोडवेज से पहुंचने में करीब ढाई से तीन घंटे का समय लग रहा। सर्वाधिक असुविधा नौकरी पेशा व विद्यार्थियों को हो रही है। उन्हें सर्दी में समय पर सफर पूरा कर गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी पहले घर छोड़ना पड़ रहा है जिससे सर्दी में दुश्वारी बढ़ी है।
घने कोहरे के बीच बुधवार को सुबह सड़कों पर दृश्यता सुबह 10 बजे तक 20 मीटर तो दोपहर में 30 मीटर तक सिमटी रही। कोहरे का धुंधला वाहनों की फॉग लाइट भी बेअसर कर रहा। कार हो या बस रफ्तार की जगह सुरक्षा को तवज्जो दे रहे जिससे गति 30-35 से ऊपर नहीं बढ़ रही। रोडवेज की बसों को तो चार से पांच किमी के बाद रोककर फ्रंट मिरर साफ करने की जहमत चालक-परिचालक उठा रहे, क्योंकि अधिकतर बसों में लगे वाइपर जाम पड़े हैं।
रोडवेज की बस सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने का दूसरा नाम है। हम यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते। इसलिए कोहरे में चालकों से रफ्तार धीमी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन दिनों कोहरे की अधिकता के कारण अतिरिक्त समय लग रहा है।
सर्वजीत वर्मा, एआरएम।