महराजगंज। नगर पंचायत सिसवां से गोरखपुर के लिए रोडवेज की एक बस सप्ताह में चार दिन चलती है। इस नियमित न चलने के कारण लोगों को परेशानी होती है।
बस का संचालन शनिवार और रविवार को न होने के कारण नौकरीपेशा और गोरखपुर में रहकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। सिसवां के रहने वाले रंजीत कुमार पटेल, अनिल चौधरी गोरखपुर रहकर विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। बताया कि हम लोग रविवार की छुट्टी को देखते हुए शनिवार को सिसवां लौटते हैं।
रोडवेज सेवा शुरू हुई तो उम्मीद थी कि अब आना-जाना और रोडवेज से सामान आदि मंगाना सुगम हो जाएगा, लेकिन शनिवार व रविवार दो दिन संचालन नहीं होता है। सिसवां के कस्बा व्यापारी अनिल जायसवाल व सत्यम कुमार मोदनवाल ने कहा कि लंबे समय से मांग के बाद रोडवेज सेवा तो शुरू हो गई, लेकिन नियमित संचालन न होने के कारण विशेष लाभ नहीं मिल रहा है। इस सप्ताह सोमवार को संचालन हुआ, लेकिन मंगलवार और बुधवार दोनों दिन गोरखपुर बस नहीं गई।
एआरएम सर्वजीत वर्मा ने कहा कि रोडवेज चालकों की समस्या के कारण नियमित संचालन नहीं अभी नहीं हो पा रहा। इस रूट पर जिस चालक को लगाया गया वह शनिवार व रविवार छुट्टी पर रहता है, इसलिए रोडवेज सेवा बंद करने की मजबूरी रहती है। भर्ती प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही सेवा नियमित कर दी जाएगी। संवाद