महराजगंज। शिकारपुर से सिंदुरिया तक की 11 किमी लंबी सड़क दो साल पहले ही बनकर तैयार हो गई। सड़क चौड़ी हो गई, लेकिन जिम्मेदारों ने पोल को नहीं हटवाया। अब कोहरे में ये पोल दुर्घटना के कारण बन रहे हैं। सबसे खराब स्थिति शिकारपुर चौराहे पर दिखती है। यहां तो पोल ही नहीं पेड़ भी सड़क पर लगे हुए हैं।
सिंदुरिया से शिकारपुर सड़क से सटे दर्जनों विद्युत पोल कोहरे में राहगीरों के लिए मुसीबत बन सकते हैं। सड़क पर ये अनजान खतरे हैं। घने कोहरे में कब कोई हादसे का शिकार हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। 11 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के किनारे जगह-जगह दर्जनों विद्युत पोल दुर्घटना के कारण बन रहे हैं। सड़क से सटे पोल कोहरा रहने के कारण नजर नहीं आ पाते हैं। विद्युत निगम की ओर से सड़क पर खड़े पोल को हटाने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब सड़क कम चौड़ी थी तो पोल सड़क से कुछ दूरी पर स्थित थे, लेकिन सड़क के चौड़ीकरण होते ही विद्युत पोल सड़क से बिल्कुल सटे खड़े हैं। कृष्णानंद चौबे, संजय पाठक, उमेश मद्धेशिया, राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सड़क से सटे खड़े बिजली के पोल काफी खतरनाक है, जो कभी भी बड़े हादसा का कारण बन सकते हैं। दिन में तो किसी तरह सड़क किनारे खड़े पोल से बचकर गुजर जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में हमेशा टक्कर होने की संभावना बनी रहती है। इस सड़क पर मोहनापुर, नारायणपुर, वैदिक गुरुकुल इंटरमीडिएट काॅलेज के पास, मोहनापुर प्राथमिक विद्यालय के सामने, बड़हरामीर के पास सड़क पर पोल है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर पोल हटाए नहीं गए हैं।
सिंदुरिया सड़क निर्माण के जद में आने वाले विद्युत खंभे को निकालने और दूसरे स्थानों पर लगाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया कि गया है कि वह जल्द से विद्युत पोल लगाकर नई लाइन सिफ्ट किया जाय। इससे लोगों को बिजली आपूर्ति में कोई परेशानी न हो।
-वाईपी सिंह, अधीक्षण अभियंता
-
केस नंबर एक-बीते सप्ताह शिकारपुर के रहने वाले नरेंद्र कुमार बाइक से रात में आ रहे थे। कोहरा होने के कारण वह पोल से लड़कर घायल हो गए थे। गाड़ी की गति तेज नहीं होने के कारण गंभीर रूप से घायल नहीं हुए। इलाज के बाद घर पर हैं।
-
केस नंबर दो- 15 दिन पहले एक कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार चालक राकेश यादव कतरारी के रहने वाले हैं। वह निचलौल से निमंत्रण कर घर जा रहे थे। कोहरे में पोल दिखाई नहीं देने के कारण किनारे कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार में तीन लोग घायल हुए थे।