पांच हजार से 15 हजार रुपये तक है कीमत
पहले ई-काॅमर्स कंपनियां ऑनलाइन ही बेचती थीं पोर्टेबल एसी, अब दुकानों पर भी उपलब्ध
महराजगंज। बढ़ती तपिश व उमस भरी गर्मी से निजात के लिए लोग पंखा, कूलर व एसी का सहारा ले रहे हैं। ऐसे में बिजली बिल में राहत के लिए सोलर व बिजली दोनों से चलने वाले मिनी पोर्टेबल एसी की डिमांड बढ़ी है।
पहले यह सिर्फ ई-काॅमर्स कंपनियां ऑनलाइन बेंचती थीं लेकिन अब इलेक्ट्रॉनिक के कारोबारी ऑर्डर लेकर पोर्टेबल एसी उपलब्ध करा रहे हैं।
महंगी बिजली के कारण लोग सोलर की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं। साथ ही सौर उर्जा व इलेक्ट्रिसिटी के तालमेल से कम खर्च से गर्मी में राहत के लिए कूलिंग का इंतजाम भी कर रहे हैं। विंडो एसी को बिजली के अतिरिक्त सोलर से नहीं चलाया जा सकता है। इसीलिए प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लाभार्थियों की बढ़ती संख्या के कारण ऐसे कूलिंग गैजेट्स की मांग बढ़ गई है जो एसी व डीसी दोनों ही करंट से संचालित हो सकें।
पंखे व कूलर में लोगों को यह सहूलियत थी कि दिन में इन्हें सोलर और रात में बिजली ग्रिड से संचालित किया जा सकता है। लेकिन एसी में यह विकल्प नहीं उपलब्ध था। अब पोर्टेबल मिनी एसी में यह सुविधा उपलब्ध होने से
इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है।
मुख्यालय पर इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालित करने वाले अमित कुमार वर्मा ने बताया कि यह डेडीकेटेड सोलर एसी होता है। जो डीसी (डायरेक्ट करंट) व एसी (अल्टरनेटिंग करंट) दोनों से संचालित किया जा सकता है। 12 वोल्ट से लेकर 48 वोल्ट की बिजली से चलने वाले पोर्टेबल एसी पांच हजार से 15 हजार की रेंज में उपलब्ध हैं।
कारोबारी अनिल कुमार ने बताया कि पोर्टेबल मिनी एसी अधिकारियों के बैठने वाले कमरे व दुकानों में गर्मी से राहत के लिए लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। पहले विंडो एसी के प्रबंध में तोड़फोड़ करनी पड़ती थी और यह महंगा भी
पड़ रहा था। लेकिन नवंबर 2025 से आए यह पोर्टेबल डीसी-एसी गैजेट्स ने कूलिंग को सस्ता व सुविधाजनक बनाया है। धूप रहने पर यह सीधे सोलर पैनल से चलेंगे और धूप न होने पर सामान्य बिजली से चलाया जा सकता है।