आरओ को देनी होंगी नामांकन से जुड़ी सूचनाएं
महराजगंज। छठे चरण में जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में तीन मार्च को होने वाले मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया चार फरवरी से प्रारंभ होगी। 11 फरवरी तक चलने वाली इस प्रक्रिया में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैनात किए गए निर्वाचन अधिकारी (आरओ) को प्रतिदिन नामांकन के संबंध में दस बिंदुओं की रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी।
निर्वाचन अधिकारी को प्रतिदिन प्रारूप पर जिन दस बिंदुओं की रिपोर्ट देनी है, उसमें नाम निर्देशन पत्र की क्रम संख्या, अभ्यर्थी का नाम, पिता, माता अथवा पति का नाम, अभ्यर्थी की आयु, उसका पता, उसकी दलीय संबद्धता, अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए जाति व जनजाति की विशिष्टता, अभ्यर्थी की निर्वाचक नामावली संख्या, प्रस्तावकों का नाम तथा प्रस्तावकों की निर्वाचक नामावली की संख्या शामिल हैं। उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि रिटर्निंग आफिसर को नामांकन अवधि में प्रत्येक दिन प्रारूप तीन क पर नामांकन से संबंधित विवरण उपलब्ध कराना होगा।