फरेंदा। क्षेत्र के सैनिक गांव उदितपुर के रिटायर सैनिक की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फरेंदा थाना क्षेत्र के सैनिक गांव उदितपुर निवासी गंगाराम गुरूंग (86) बुधवार को दिन में बगल के चौराहे पर बाल कटवाने जा रहे थे। जहां से वापस लौटते समय मोटरसाइकिल की चपेट में आ गए जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच कर तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पर बुधवार की रात में उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके मौत की खबर परिजनों को मिला तो कोहराम मच गया। गांव के मुखिया रिटायर्ड सुबेदार मेजर एसबी गुरूंग ने बताया कि उनकी मौत से परिवार को काफी क्षति हुई है। उन्होंने देश के लिए 1962,1965 व 1971 का युद्ध लड़ा था। वह दस वर्ष पूर्व नौकरी से सेवानिवृत्त हुए थे। शव पोस्टमार्टम के बाद घर आएगा। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।