महराजगंज। पनियरा पुलिस ने थाना क्षेत्र के मौजा रामपुर हवेली स्थित जमीन जालसाजी और कूटरचना के जरिए हड़पने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई गोरखपुर निवासी राकेश की तहरीर पर की गई है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में राकेश ने बताया कि मौजा रामपुर हवेली, तहसील महराजगंज में स्थित आराजी संख्या 497, रकबा 0.3800 हेक्टेयर जमीन उनके बाबा दिवंगत त्रिवेणी के नाम थी। त्रिवेणी के दो पुत्र बेचन और फूलचन्द थे। बेचन के एकमात्र पुत्र राकेश हैं, जबकि फूलचन्द के दो बेटे धर्मेन्द्र और विनोद हैं।
राकेश के अनुसार बाबा की मृत्यु के बाद यह जमीन उनके पिता बेचन और चाचा फूलचन्द के नाम दर्ज हो गई थी। आरोप है कि चाचा फूलचन्द ने उनके साथ धोखाधड़ी और जालसाजी कर उक्त जमीन को अपने नाम करवा लिया।शिकायतकर्ता का आरोप है कि फूलचन्द और सुनीता की मृत्यु के बाद 12 दिसंबर 2025 को सुनीता के लड़के कृष्णा चौहान और उर्मिला ने मिलकर उक्त जमीन सुमन पत्नी राजकुमार के नाम बैनामा कर दिया। जबकि इन लोगों को जमीन पर कोई वैधानिक अधिकार प्राप्त नहीं था।
आरोप है कि ऊर्मिला, कृष्णा चौहान, सुमन, धर्मेन्द्र और विनोद चौहान ने साजिश के तहत मिलकर कूटरचना और धोखाधड़ी करके उनकी पैतृक जमीन हड़प ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है। एसओ पनियरा संजय कुमार सिंह का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।