सोनौली। बेलहिया स्थित नेपाल-भारत सीमा पर सवारी भरने के लिए बेतरतीब ढंग से खड़े भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों को सिद्धार्थनगर नगरपालिका ने हटाया। चेतावनी दी गई कि बात न मानने पर 1000 जुर्माना और दूसरी बार गलती करने पर 5000 का जुर्माना देना होगा।
सिद्धार्थनगर-एक के वार्ड अध्यक्ष उज्ज्वल पोखरेल ने बताया कि पार्किंग स्थल छोटा है जहां भारतीय सवारी वाहन पार्किंग शुल्क देकर कर सवारी भरते थे। जिस कारण पर्यटकों को कस्टम के कागजात बनाने के लिए पार्किंग में जगह नहीं मिलती थी। अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। अस्थायी यातायात पुलिस चौकी बेलहिया के मुख्य पुलिस उपनिरीक्षक युवराज सेन ने बताया कि वार्ड कार्यालय और स्थानीय निवासियों से शिकायत मिलने के बाद कि भारतीय नंबर प्लेट वाले वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है, इन्हें हटा दिया गया है। संवाद