कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव मकान के ऊपर गिरा पेड़।
परतावल/खनुआ। क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर में झमाझम बारिश से कस्बों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश से नगर के शिवनगर वार्ड की मुख्य सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत की लचर व्यवस्था के कारण जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से यहां पानी जमा हो रहा है, जिससे इस रास्ते पर आवागमन पूरी तरह से बंद है।
वार्ड के हरि सिंह, सूरज, अरविंद आदि ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की है। भारत-नेपाल सीमा पर दो गांवों में बारिश के दौरान दो पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
वहीं बारिश होने से परतावल और आसपास के किसानों को राहत मिली है। किसान लहरी, ध्यान चंद, सुभाष आदि ने कहा कि धान की नर्सरी के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। तेज धूप के कारण धान की नर्सरी में बार बार पानी की कमी हो जा रही है। नर्सरी को बचाने के लिए हर तीसरे दिन सिंचाई करनी पड़ती है। किसानों ने उम्मीद जताई है कि ऐसे ही बारिश होती रहे तो नर्सरी अच्छी होगी। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश होने से लोगों ने तपन से राहत की सांस ली। ग्रामीण हरिदर्शन यादव, उमेश यादव, शिवम् पाठक, हरिओम, पंकज, हिमांशु मिश्र आदि ने बताया कि इधर बहुत गर्मी थी। इसके चलते बहुत दिक्कतें थीं। खेत में धान की नर्सरी में पानी को लेकर समस्या बढ़ गई थी। बारिश होने से थोड़ी राहत मिल गई है।