महराजगंज। युवाओं के लिए रोजगार की राह संगम पोर्टल से खुल सकेगी। शासन ओर से युवाओं को इस पोर्टल पर पंजीकरण तेजी से कराया जा रहा है। फरवरी 2024 में शुरू किए गए इस पोर्टल पर अबतक 2645 पंजीकरण पूर्ण हो चुका है।
सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में काफी संख्या में पढ़े लिखे युवा रोजगार से वंचित हैं। युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर मिल सके। इसके लिए रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया गया है। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से युवाओं को इस पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। अबतक 2645 पंजीकरण हो चुका है। जिसमें 867 ऐसे अभ्यर्थी शामिल हैं, जो अभी अध्यनरत हैं। वहीं, 1778 ऐसे युवा हैं जो पढ़ाई पूरी करके नौकरी की तलाश में हैं।
यह पोर्टल सेवायोजन साइट की तरह ही कम करता है, लेकिन इसमें युवाओं की पूरी जानकारी देनी होती है। पंजीकरण के दौरान युवाओं को शैक्षिक योग्यता, कार्य अनुभव, किस क्षेत्र में कार्य अनुभव है, किस क्षेत्र में कॅरिअर बनाना चाहते हैं, पारिवारिक विवरण आदि दर्ज करना होता है। संपूर्ण विवरण एक जगह होने से निजी कंपनियां जरूरत के आधार पर चयन करती है और युवाओं को उनकी पसंद के हिसाब से रोजगार मिल जाता है।
-ईशान प्रकाश, जिला सेवायोजन अधिकारी