महराजगंज। जिलाधिकारी ने पकड़ी भारत खंड में वित्तीय अनियमितता के मामले में दोषी पाए गए तत्कालीन सचिव और वर्तमान में एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंचायती राज निदेशक को पत्र भेजा है। वहीं इस प्रकरण में पहले ही ग्राम प्रधान सुनील के वित्तीय अधिकार सीज किए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी की ओर से जारी किए गए पत्र में बताया कि सिंहपुर निवासी मनोज कुमार तिवारी ने 9 सितंबर 2024 को नोटरी शपथपत्र के माध्यम से पंचायती राज निदेशक व अन्य अधिकारियों से शिकायत की थी। इस मामले में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा को जांच के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान धनराशि के दुरुपयोग की पुष्टि हुई, जिसके बाद जिलाधिकारी ने 29 अक्तूबर 2024 को ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा।
इसी तरह 28 अक्तूबर को तत्कालीन सचिव रामकृष्ण प्रसाद को भी नोटिस जारी किया गया था। ग्राम प्रधान ने बिना दिनांक का स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया, जो संतोषजनक नहीं पाया गया, जबकि तत्कालीन सचिव रामकृष्ण प्रसाद ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने 18 मार्च 2025 को प्रधान सुनील के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार सीज कर दिया था। शुक्रवार को तत्कालीन सचिव और वर्तमान एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पंचायती राज निदेशक को पत्र भेजा गया है। संवाद
सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर शिकायत
महराजगंज। शुक्रवार को मिठौरा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि घनश्याम पटेल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सरकारी धन के दुरूपयोग होने की शिकायत की। उन्होंने बताया की क्षेत्र पंचायत मिठौरा में राज्य वित्त व केंद्रीय वित्त की धनराशि का दुरूपयोग हुआ है। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाय। संवाद