मौके पर पहुंचे डीआईओएस रोका संचालन, दी नोटिस
महराजगंज। आठवीं तक मान्यता लेकर इंटर तक कक्षाओं का संचालन करना सदर ब्लाॅक के दो स्कूलों को भारी पड़ गया। डीआईओएस ने न सिर्फ मौके पर पहुंचकर स्कूलों का संचालन बंद कराया, बल्कि स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस देकर 24 घंटे में जवाब तलब किया है।
सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत बागापार में अमरावती देवी स्कूल की मान्यता सिर्फ कक्षा आठ तक प्राइमरी स्तर की मिली, लेकिन स्कूल में 12 तक के विद्यार्थियों का न सिर्फ प्रवेश लिया जा रहा था, बल्कि कक्षाएं भी संचालित होती मिलीं। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य से पूछा तो वह समुचित जवाब न दे सके। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य व प्रबंधक को नोटिस दिया कि क्यों न उनपर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसी तरह नगर पालिका परिषद महराजगंज के अमरुतिया अशोक नगर वार्ड संख्या-5 में आइडिया कान्वेंट का संचालन मिला। इनकी मान्यता भी बेसिक शिक्षा परिषद की था, लेकिन प्रवेश व कक्षाएं इंटरमीडिएट तक चलाई जा रही थीं। संचालन बंद कराकर यहां भी प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस देकर 24 घंटे में जवाब मांगा गया।
सदर ब्लाॅक के दो स्कूल प्राइमरी की मान्यता पर इंटरमीडिएट तक संचालित हो रहे थे। दोनों स्कूलों का संचालन मौके पर पहुंचकर बंद करा दिया गया। 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। नोटिस का जवाब लेकर न जुर्माना लगाने के साथ प्रबंधक व प्रधानाचार्य पर केस भी दर्ज कराया जाएगा।
- प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस