सोनौली बॉर्डर पर भारतीय क्षेत्र में 10 किमी तक लगा है जाम, जाम में फंसा है फैक्ट्रियों का कच्चा माल
नेपाल में फैक्ट्रियों का उत्पादन हो गया है प्रभावित
सोनौली। सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक ट्रकों का लंबा जाम लगने से नेपाल के उद्योगपति और व्यापारी गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। ट्रकों के जाम में कच्चा माल फंसा होने की वजह से नेपाल में कई उद्योगों का उत्पादन प्रभावित हो गया है। व्यापारियों एवं उद्योगपतियों की माने तो अगर समय रहते इस समस्या पर गौर नहीं किया गया तो फैक्ट्रियां बंद हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, सोनौली सीमा पर भारतीय क्षेत्र में करीब दस दिनों से ट्रकों को समय पर नेपाल में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। जाम का आलम ये है कि आईसीपी रोड चौराहे से कुनसेरवा बाइपास तक ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई है। कई वाहन पिछले आठ दिनों से आगे नहीं बढ़ पाए हैं, जबकि प्रतिदिन नए ट्रकों का नेपाल में प्रवेश हो रहा है। जाम में फंसे ट्रक चालकों का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से कथित तौर पर ट्रकों की ''कटिंग'' कर उन्हें आगे भेजने का खेल चल रहा है।
उद्योगपति विकास चौधरी ने बताया कि मेरी पेपर की गाड़ियां सात दिनों से सोनौली बॉर्डर पर फंसी हैं। हम सनमाई का उत्पादन करते हैं। रविवार से फैक्ट्री बंद हो गई है। 40 मजदूर बैठे हैं। बहुत नुकसान हो रहा है। वहीं सज्जन थापा का कहना है कि आठ दिन से गाड़ियां रुकी हैं। कोयला नहीं पहुंचने से फैक्ट्री का उत्पादन रोकना पड़ा है। अगर ऐसे ही जाम रहा तो माल बढ़नी सीमा से आयात करना पड़ेगा।
मंगलवार सुबह भंसार एजेंट संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं मैत्री समाज के डॉ. शांत कुमार शर्मा ने सोनौली बॉर्डर पर लगे ट्रकों के जाम की तस्वीरें भारतीय दूतावास, काठमांडो भेजकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनौली पुलिस टेंपो स्टैंड के पास ट्रकों को रोककर पीछे खड़े वाहनों को आगे भेज रही है, जिससे लंबे समय से लाइन में लगे ट्रक आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
उनका यह भी आरोप है कि स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा रात के समय सर्विस लेन के माध्यम से ट्रकों को आगे लाकर लाइन में शामिल किया जाता है।
भैरहवा के उद्योगपति एवं व्यापारी रमेश चंद्र मित्तल, पवन कान्दू, प्रशांत अग्रवाल, साजन श्रेष्ठ, प्रतिम गुप्ता और नवीन सापकोटा समेत दर्जनों व्यापारियों ने भी भारतीय दूतावास को पत्र भेजकर सीमा पर व्याप्त अव्यवस्था और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्पीकअप
जाम की समस्या से भारतीय दूतावास काठमांडो के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। सोनौली बॉर्डर पर ट्रेड की समस्या शुरू हो गई है। उद्योगों के साथ ही ट्रेडिंग करने वाले व्यापारी भी परेशान है। सामान सोनौली बॉर्डर में फंसा पड़ा है। गाड़ियों के डैमेज चार्ज को लेकर व्यापारी परेशान है। साथ ही माल ऑर्डर का होने से कैंसिल होने की भी समस्या शुरू हो गई है।
- डॉ. शांत कुमार शर्मा, कारोबारी
वर्जन
जाम के कारण औद्योगिक कच्चा सामान समय से नहीं पहुंच पा रहा है। जिसके कारण रूपनदेही और नवलपरासी की पांच से छह फैक्ट्री में उत्पादन बंद होने के कगार पर हैं। एक दो फैक्ट्री में तो काम भी रुक गया है। इसकी शिकायत महासंघ सहित दूतावास से किया गया।
- कृष्न प्रसाद धिमिरे, महासचिव, उद्योग वाणिज्य संघ रूपनदेही