पीडब्ल्यूडी गेट के पास फलों की खरीदारी करते लोग
महराजगंज। रमजान माह में फल मेवे की मांग बढ़ी है। बाजार में फलों की आवक कम हो गई है। इस वजह से दाम में आई तेजी से लोग जरूरत भर की चीजों से ही इफ्तार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा असर फलों पर पड़ा है।
सेब के दाम में भारी उछाल देखने को मिला है। 120 रुपये प्रति किलो बिकने वाला सेब 240 रुपये किलो तक बिक रहा है। वहीं अंगूर के दाम भी 100 रुपये पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार, बाजार में इस बार फलों की आवक कम है। रमजान में फल मेवे की मांग ज्यादा है। वहीं नवरात्र भी करीब है। इसके चलते मांग बढ़ गई है।
त्योहारी सीजन में फलों की आपूर्ति कम होने से इफ्तार के दस्तरख्वान पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। लोग दिन भर रोजा रखने के बाद तरावट के लिए फल का सेवन करते हैं। ऐसे में फलों के दाम बढ़ने से लोगों ने इसके बजट में भी कटौती की।
संतरा 110, केला 40-70 और पपीता फुटकर में 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। वहीं अन्य फल भी महंगे हो गए हैं। कारोबारियों के मुताबिक फलों के दाम में रोजाना उतार-चढ़ाव होता रहता है।
किराना कारोबारी रमेश ने बताया कि मेवा भी महंगा हो गया है। रिफाइंड ऑयल के दाम में भी 15 से 20 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
1200 रुपये प्रति किलो मिलने वाला मखाना 1500 रुपये पहुंच गया है। इसमें भी 300 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा अन्य घरेलू सामाग्री के दामों में इजाफा हुआ है। काजू का रेट भी 900 रुपये प्रति किलो हो गया है। 600 रुपये प्रति किलो के भाव से बिकने वाला बादाम अब 800 रुपये प्रति किलो हो गया है।