महाराजगंज। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज के खेल मैदान में अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चार टीमों ने हिस्सा लिया। बुधवार को संपन्न इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के बाद रामरतन पीजी कॉलेज, मसूरगंज ने ट्रॉफी पर कब्जा किया, जबकि जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज उपविजेता रहा। रामरतन कॉलेज के पन्नेलाल को बेस्ट प्लेयर का अवार्ड प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज, महाराजगंज ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, सिद्धार्थनगर को 19-25, 25-21, और 25-17 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में रामरतन पीजी कॉलेज, मसूरगंज ने सरस्वती देवी पीजी कॉलेज, निकाल को 25-20, 25-20 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में रामरतन कॉलेज के पन्नेलाल, प्रमोद और विकास के शानदार प्रदर्शन की बदौलत उनकी टीम ने जवाहरलाल नेहरू कॉलेज को 25-17, 25-13 से हराकर खिताब जीता।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने किया। समापन समारोह में नायब तहसीलदार देशदीपक त्रिपाठी और प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बीपीएड प्रभारी डॉ. शिवानंद सिंह, पंकज सिंह, विवेक वर्मा, नजरुद्दीन, एनुद्दीन सिद्दीकी और अबू फजल को ऑफिशियल के रूप में सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. पीयूष कुमार जायसवाल और डॉ. अपर्णा राठी ने किया।