महराजगंज। रमजान माह में होली का त्योहार भी है। ऐसे में इसका असर बाजार पर भी दिख रहा है। रंगों से लेकर किराने का सामान समेत अन्य जरूरत की सामाग्री की मांग बढ़ गई है। मांग के साथ किराना बाजार में सामान की कीमत भी चढ़ने लगी है। थोक बाजार में भी कभी-कभी सामान की कमी हो जा रही है। व्यापारियों के अनुसार होली में रमजान का भी असर होने के चलते इस बार करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
त्योहारों पर पकवान बनाए हैं। होली को देखते हुए घरों में तैयारी शुरू कर दी गई है, इसे देखते हुए खरीदारी भी रोज हो रही है। वहीं रमजान में घरों में पकवान बनाए जा रहे हैं, जबकि इफ्तार के लिए भी विशेष इंतजाम हो रहे हैं। शहर के थोक किराना मंडी से हर दिन छोटी बड़ी करीब 40 गाड़ियों से माल आसपास के बाजारों में भेजा जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों से नेपाली नागरिक भी खरीदारी कर रहे हैं। खजूर, छुहाड़ा, काजू, किसमिस, अखरोट सहित अन्य ड्राईफ्रूट के साथ तेल, घी की मांग भी तेज हो गई है। इसी के साथ थोक बाजार में रंग पिचकारी में भी तेजी आ गई है। व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार दो त्योहार एक साथ होने से बिक्री तेज हुई है।
किराना के अन्य सामान में भी तेजी आने लगी
त्योहार में बाजार पर इसका असर दिख रहा है। सरसाें, रिफाइंड और पॉम ऑयल की कीमत पांच से 10 रुपये लीटर बढ़ गई है, जबकि किराना के अन्य सामान में भी तेजी आने लगी है। इसी प्रकार रंग और पिचकारी की दुकानों में रौनक बढ़ गई है। रंग कारोबारी मनीष के अनुसार इस बार कई प्रकार की पिचकारी आई है। कपड़ा विक्रेता मुन्नी लाल ने कहा कि होली में पहली बार सफेद की जगह भगवा रंग के कुर्ते की मांग है। पहले लोग होली पर सफेद कुर्ता और पायजामा ही लेते थे। संजय जायसवाल कहते हैं कि युवा कुर्ते के साथ भगवा टी-शर्ट भी पसंद कर रहे हैं।