सिसवा बाजार। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल मार्ग पर सिसवा-घुघली के बीच शुक्रवार को रेलवे की बिजली आपूर्ति बाधित होने से एक मालगाड़ी दो घंटे तक रुकी रही। गनीमत रहा कि उस समय पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के आवागमन का समय नहीं था। स्टेशन मास्टर की सूचना पर कप्तानगंज से पहुंची टीम ने लाइन को ठीक कर गाड़ियों का संचालन बहाल किया।
शुक्रवार की सुबह 9.30 सिसवा घुघली के बीच महराणा प्रताप वार्ड भुजौली के समीप रेलवे के 25 हजार वोल्ट के तार में लगे इंसुलेटर ने अचानक काम करना बंद कर दिया, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस बीच सिसवा से घुघली की तरफ जा रही मालगाड़ी भुजौली में रूक गई। लोको पायलट की सूचना पर ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को अवगत कराया।
सूचना पर कप्तानगंज से पहुंची रेल विद्युत विभाग की टीम ने दो घंटे के प्रयास के बाद इंसुलेटर को बदलकर विद्युत आपूर्ति ठीक कर दी। इसके बाद रूट पर गाड़ियों का आवागमन पुनः शुरू हो गया। सहायक स्टेशन मास्टर संतोष सिंह ने बताया कि मेन लाइन में इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने की वजह से ब्रेकडाउन हो गया था। इसे दुरुस्त करने के बाद ट्रेनों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।