जीएसटी अधिकारियों ने डाला छापा, ई-वे बिल में मिली गड़बड़ी
सोनौली में सुगम परिवहन लिमिटेड के ऑफिस व गोदाम पर टीम खंगाल रही जीएसटी चोरी का खेल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनौली। भारत-नेपाल सीमा से सोनौली के रास्ते नेपाल के नाम पर जीएसटी चोरी की शिकायत पर बृहस्पतिवार को गोरखपुर वाणिज्य कर के ज्वाइंट कमिश्नर के नेतृत्व में जीएसटी अधिकारियों की 27 सदस्यीय टीम ने सोनौली के सुगम परिवहन लिमिटेड पर एक साथ उसके दो गोदाम और ऑफिस पर छापा डाला। सारे दस्तावेज और कंप्यूटर सिस्टम को कब्जे में ले लिया गया। देर शाम तक चली कार्रवाई में जीएसटी चोरी ई-वे बिल सहित कई कमियां अधिकारियों ने पकड़ी और प्रारंभिक जांच शुरू की।
ज्वाइंट कमिश्नर विशेष जांच शाखा बी रमेश चन्द्र दुबे के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर एसएन सिंह, एसएन यादव, जयंत सिंह, अलीमुद्दीन, डॉ. सुनील कुमार, आशीष कुमार के साथ 27 सदस्यीय टीम सोनौली पहुंची। सुगम परिवहन के टैक्सी स्टैंड स्थित दो गोदाम और कस्बे में स्थित ऑफिस पर एक साथ छापा डालकर तीनों स्थानों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर शाम पत्रकारों से बातचीत में ज्वाइंट कमिश्नर रमेश चन्द्र दुबे ने बताया कि राजस्व को सुरक्षित करना है। सोनौली बॉर्डर पर नियमानुसार कार्य हो रहा है कि नहीं, इसकी निगरानी शुरू की गई है। सुगम परिवहन की शिकायत की हुई प्रारंभिक जांच में ई-वे बिल में भारी अनियमितता की पुष्टि हुई है। जांच चल रही है, सारे कागजातों को चेक किया जा रहा है।