बलिया नाले पर बनेगा लोहे का पुल, राह होगी आसान
फोटो
रैन बसेरा के ऊपर बनेगा वातानुकूलित सभागार निर्माण के लिए बोर्ड ने दी मंजूरी
नगर पालिका बोर्ड की बैठक में कई मुद्दों पर लिए गए निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगर पालिका बोर्ड की बैठक बृहस्पतिवार को पालिका सभागार में हुई जिसमें बोर्ड ने सरोजनी नगर व अमरुतिया के बीच बलिया नाले पर लोहे का पुल बनवाने, रैन बसेरा के ऊपर वातानुकूलित सभागार बनाने का निर्णय लिया। यह भी तय हुआ कि अब किसी भी वार्ड में इंटरलाकिंग सड़क की खुदाई करने से पूर्व पालिका से अनुमति लेनी होगी। अनुमति न लेने वालों पर पालिका द्वारा कार्रवाई की जाएगी। वीर बहादुर नगर वार्ड में ओपेन जिम खुलेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नगर के विकास में सभी की भूमिका अहम है। पाइप लाइन के विस्तार के लिए जिन सभासदों ने अपने प्रस्ताव नहीं दिए हैं, वे उसे भेजना सुनिश्चित करें। मरम्मत के लिए ऐसी सड़कों का प्रस्ताव भेजा जाए जिनकी अवधि पांच वर्ष से ऊपर हो। अधिशासी अधिकारी राजेश जायसवाल ने कहा कि नगर पालिका की आय को विकसित करने की दिशा में भी सभी अपना सहयोग प्रदान करें। इससे पूर्व पिछली कार्रवाई की पुष्टि को कैशियर द्वारा पढ़कर सुनाया गया। सभासद अमितेश गुप्ता ने सुभाष नगर में चलने वाले आंगनबाड़ी केंद्र की सार्थकता, हीरमती ने बैकुंठपुर वार्ड में पंचायत भवन की सार्थकता पर सवाल उठाए। जिस पर पहल करते हुए जिम्मेदारों से जवाब मांगने की बात कही गई। सिद्धार्थनाथ शुक्ल ने पाइपलाइन विस्तार के वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी। कुछ सभासदों ने संबंधित वार्ड के पोखरी के सुंदरीकरण का भी मामला उठाया जिस पर अध्यक्ष ने कहा कि प्रस्ताव भेजा गया है।
इस दौरान सभासद गामा मद्धेशिया, सिद्धार्थनाथ शुक्ला, अमितेश गुप्ता, राजकुमार, राजीव कुमार, मुरली मनोहर, रामप्रीत, अनिल वर्मा, ईश्वरचंद, रामबेलास, लालजी गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, चंद्रकला, प्रीति सिंह, धर्मा देवी, संगीता, हीरमती, प्रधान लिपिक मोहम्मद शमीम, विनोद जायसवाल मौजूद रहे।
-------
अब सामुदायिक भवन के लिए देने होंगे पांच हजार
वार्ड में स्थित सामुदायिक भवनों की बुकिंग के लिए अब जिम्मेदारों को 2000 रुपये की जगह 5000 रुपये देने होंगे। इससे जहां वहां तैनात कर्मियों का खर्चा निकलेगा वहीं पालिका की आय भी बढ़ेगी।
----------------
दो वर्ष पूरा होने पर फूल देकर किया स्वागत
नगर पालिका परिषद के कार्यकारिणी का दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर पालिका प्रशासन ने बोर्ड की बैठक में आने वाले सभी सभासदों, अधिकारियों को गुलाब का फूल देकर स्वागत किया।