निचलौल। थाना क्षेत्र के बढ़या मुस्तकीम गांव के टोला गेठीहवा में बुधवार रात पुष्पराज ने अपने चार साथियों के साथ सम्मत को जला दी। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने विरोध किया तो उन्हें धमकी देने लगा। मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को पुष्पराज सहित पांचों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया। जहां से एसडीएम ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया के अनुसार, होली पर्व को लेकर पुलिस टीम बढ़या मुस्तकीम गांव में गश्त कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि गांव का ही रहने वाला पुष्पाराज अपने चार साथियों के साथ सम्मत को बुधवार की ही रात में जला दी है। इतना ही नहीं विरोध करने पर वह लोग ग्रामीणों को धमकी भी दे रहे हैं। ऐसे में आरोपी पुष्पराज, बाबूलाल, सत्येंद्र, रवि और गणेश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस अभिरक्षा में मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया। एसडीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पुष्पराज सहित सभी आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर जेल भेज दिया गया।