महराजगंज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन व व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन को रवाना किया। बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविन्द मलिक ने न्यायालय परिसर में आयोजित समारोह में वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहन जनपद के सभी न्यायालय परिसरों, ग्राम न्यायालयों तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इसमें तैनात पराविधिक स्वयंसेवक आम जनता को राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि, इसमें निस्तारित होने वाले वादों के प्रकार, समझौते से होने वाले लाभ तथा त्वरित-सस्ती न्याय प्रक्रिया की जानकारी देंगे। इसका मुख्य उद्देश्य अधिकाधिक लोगों को लोक अदालत से जोड़कर लंबित मुकदमों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करना है।
जिला जज अरविन्द मलिक ने कहा कि लोक अदालत न्यायिक प्रणाली की जनसेवी पहल है जो आम नागरिकों को बिना खर्च व तारीखों के चक्कर के तुरंत न्याय दिलाती है। उन्होंने प्रचार वाहन के माध्यम से हर घर तक इस संदेश को पहुंचाने के निर्देश दिए।