महराजगंज। निचलौल में पब्लिक हेल्थ यूनिट संचालित हो रही है। वहीं बृजमनगंज में समय सीमा पूरी होने के बाद भी भवन नहीं बन सका है। इसके बनने का इंतजार किया जा रहा है।
48 लाख की लागत से एक भवन का निर्माण हुआ है। इसमें सभी प्रकार की जांच उपलब्ध रहती है। निचलौल में मरीजों की जांच कराने में आसानी हो रही है।
जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज में बन रहा पब्लिक हेल्थ यूनिट सेंटर (बीपीएचयू) तय समय सीमा के एक साल बाद भी अधूरा है। शासन के निर्देश पर इस केंद्र का निर्माण कार्य मार्च 2023 में शुरू हुआ था। इसे मार्च 2024 तक पूरा कर सीएचसी को हैंडओवर किया जाना था, लेकिन मई 2025 आने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।
इससे लोगों को जांच कराने में बाहर जाना पड़ रहा है। काम की प्रगति पर नजर डाले तो अब तक पब्लिक हेल्थ यूनिट के चार कमरों का भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन फर्श का निर्माण अभी अधूरा है। कुछ कमरों में प्लास्टर हो गया है।
कई हिस्सों में दीवारें अब भी बिना प्लास्टर के हैं।
खिड़कियों, दरवाजों और बिजली फिटिंग शुरू नहीं हुई है। बृजमनगंज कस्बे के सुरेश कहते हैं कि पब्लिक हेल्थ यूनिट के बारे में सुना है। यहां सभी प्रकार की जांचें निशुल्क होती हैं। यह सुविधा यहां नहीं मिल रही है। वहीं राकेश तिवारी ने बताया कि जिम्मेदार इसे लेकर गंभीर नहीं हैं। कार्यदायी संस्था की ओर से लापरवाही की जा रही है। यहां जांच शुरू हो जाती तो रकम खर्च नहीं करना पड़ता।
उधर, निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में खून से संबंधित सभी प्रकार की जांच आसानी से हो रही है। किसी को अस्पताल से बाहर जाकर भटकना नहीं पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में ही लैब बीपीएचयू संचालित हो रही है। यहां पर खून से संबंधित सभी प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। पैथालॉजी में रामकुमार पांडेय एलटी लैब टेक्नीशियन तैनात हैं। निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक उमेश चंद ने बताया कि अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बीपीएचयू में ब्लड, यूरिन, टीबी, मलेरिया, डेंगू, टायफाइड, हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों की जांच के लिए आधुनिक मशीनें लगी। इसके अलावा यहां संचारी रोगों की निगरानी, गैर-संचारी रोगों की पहचान और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जांचों की भी व्यवस्था है।ा