किशोरों को बेहतर ढंग से स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करें : सीएमओ
एएनएम प्रशिक्षण का समापन, सभी को मिला प्रमाण पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। स्थानीय सीएमओ कार्यालय सभागार में बुधवार को एएनएम प्रशिक्षण का समापन हुआ। उनको किशोर स्वास्थ्य के मसले पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही विभाग की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। अंत में सभी को प्रमाण पत्र दिया गया।
सीएमओ डॉ. ए के श्रीवास्तव ने कहा कि सभी एएनएम अपने कार्य क्षेत्र के अधिक से अधिक किशोरों को बेहतर ढंग से स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करें। एनीमिया की रोकथाम के लिए जीवन चक्र आधारित रणनीति अपनाई गई है। इसमें सभी वर्गों को शामिल किया गया है। एनीमिया एक प्रमुख जन स्वास्थ्य समस्या है, जिसका मुख्य कारण अल्पपोषण तथा खानपान में लौह तत्व की कमी का होना है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत संचालित किए जाने वाले समस्त गतिविधियों में अधिक से अधिक किशोरों को जोड़ा जाए।
जनपदीय सलाहकार शिवेंद्र प्रताप श्रीवास्तव एवं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश चौरसिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किशोर किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम के उद्देश्य से नेशनल आयरन प्लस इनीशिएटिव अर्थात निपी कार्यक्रम के अंतर्गत विफ़स कार्यक्रम क्रियान्वित कर रही है। इसमें आयरन गोलियों का क्रय आपूर्ति उपभोग एनीमिया का प्रबंधन तथा वर्ष में दो बार कृमि नाशक दवाइयों के दिए जाने का प्रावधान है। डॉ. कविता अग्रवाल ने बताया कि एनीमिया गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जो स्वास्थ्य के साथ साथ शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को विपरीत रूप से प्रभावित करती है। इस दौरान रंजना यादव, पुष्पा देवी, माया देवी, प्रियंका भारद्वाज, सुचिता पाल, निर्मला पासवान आदि मौजूद रहे।