महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में 27 सितंबर से परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। पहले परीक्षा केंद्र के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गये। आवेदन करने वाले स्कूलों का सत्यापन जिला स्तरीय टीम से कराया गया। उक्त प्रक्रिया के बाद प्रस्तावित 104 केंद्रों की सूची जारी करते हुए वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इस सूची पर आपत्तियां मांगी गई हैं जो 14 नवंबर तक ऑनलाइन की जा सकती हैं। निस्तारण 23 नवंबर को किया जाएगा। इस बार जिले से लगभग 72 हजार विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि केंद्र बनाने की प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है। तहसील स्तरीय कमेटी से डाटा फीडिंग होने के बाद जिला स्तरीय कमेटी के परीक्षण के लिए उसे डीआईओएस के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। प्रस्तावित सूची में 10 राजकीय, 34 सहायता प्राप्त और 60 स्ववित्त पोषित स्कूल शामिल हैं। डीआईओएस कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर केंद्रों की सूची चस्पा कर दी गई है। प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों से ऑनलाइन आपत्ति सबूत सहित मांगी गई है। आपत्ति 14 नवंबर तक की जा सकती है। उसके बाद उसका परीक्षण करके 23 नवंबर तक आपत्तियों का निस्तारण होगा। फिर 27 नवंबर तक जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से छात्र आवंटन सहित केंद्रों का अनुमोदन होगा। उसके बाद दाे दिसंबर तक पुन: आने वाली आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और सात दिसंबर तक केंद्र निर्धारण कर दिया जाएगा।