फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: तीन सिंचाई खंड मिलकर करेंगे 617 किमी गंडक नहर के सिल्ट की सफाई

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गंडक नहर में जमा सिल्ट की सफाई के लिए सिंचाई विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। तीन खंड मिलकर एक नवंबर से 617 किलोमीटर लंबी गंडक नहर प्रणाली की सिल्ट सफाई करेंगे। इसके लिए सिंचाई खंड प्रथम ने 2.45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
विज्ञापन

जनपद के लिए गंडक नहर किसी जीवनरेखा से कम नहीं है। महराजगंज, कुशीनगर और देवरिया तक के हजारों हेक्टेयर खेतों की सिंचाई इसी नहर प्रणाली से होती है। हर साल बरसात के बाद नहर में बड़ी मात्रा में सिल्ट जमा हो जाती है, जिससे नहर की गहराई कम हो जाती है और टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता।
इस समस्या को देखते हुए इस बार विभाग ने पहले ही तैयारी कर ली है। सिंचाई खंड प्रथम महराजगंज के साथ सिंचाई खंड गोरखपुर व सिंचाई खंड देवरिया भी इसमें अपने क्षेत्रों का जिम्मा संभालेंगे। समय पर सिल्ट सफाई होने से रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
विज्ञापन


जेसीबी के साथ-साथ मजदूरों से भी लेंगे मदद
सिंचाई खंड प्रथम के प्रस्ताव के अनुसार, 617 किमी में मुख्य नहर के साथ ही उसकी शाखाओं, माइनरों और रजबहों की सफाई की जाएगी। इसमें जेसीबी और मजदूरों दोनों की मदद ली जाएगी। जहां पहुंच संभव है, वहां मशीनों से सिल्ट निकाली जाएगी, वहीं संकरे रजबहों में मनरेगा मजदूरों से सफाई कराई जाएगी।

किसानों को होगा सीधा लाभ
समय पर सिल्ट सफाई से सबसे बड़ा लाभ रबी की फसलों गेहूं, सरसों और गन्ने को मिलेगा। नहर की वहन क्षमता बढ़ने से हेड से लेकर टेल तक एक समान पानी पहुंचेगा। विभाग का दावा है कि सफाई के बाद नहर की क्षमता 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी। किसानों का कहना है कि यदि नवंबर में ही नहरों की सफाई हो जाती है तो उन्हें डीजल पंप पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे उनकी खेती लागत कम होगी। नहर का पानी मुफ्त और पर्याप्त मात्रा में मिलने से फसल की सिंचाई आसान होगी।
समय पर नहर की सफाई बहुत जरूरी है। पिछले साल सिल्ट के कारण टेल तक पानी नहीं पहुंचा, गेहूं की बुवाई में देरी हुई। इस बार नवंबर में सफाई हो गई तो रबी में सिंचाई आसान होगी और डीजल पंप का खर्च बचेगा।
- सत्येंद्र पटेल, गौनरिया बाबू
गंडक नहर हमारे लिए जीवन रेखा है। सिल्ट जमा होने से नहर उथली हो जाती है। विभाग अगर 617 किमी की पूरी सफाई समय से करा दे तो हम किसानों को भरपूर पानी मिलेगा। बेहतर सिंचाई सुविधा से पैदावार अच्छी होगी।
- आदित्य प्रताप सिंह, बसंतपुर
बोले अधिकारी
2.45 करोड़ रुपये से गंडक नहर सिल्ट सफाई कार्य एक नवंबर से शुरू हो रहा है। जनपद में कुल 617 किमी नहर की सिल्ट सफाई होगी। इसमें सिंचाई खंड गोरखपुर व देवरिया भी अपनी सर्किल साफ कराएंगे।
विज्ञापन

- विनोद वर्मा, अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड प्रथम, महराजगंज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें