नौतनवा। सिख पंथ के प्रथम गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को स्थानीय सिख संगत की ओर से कस्बे में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर यात्रा को भव्य रूप दिया। इस दौरान वाहेगुरु-वाहेगुरु, जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल, राज करेगा खालसा आदि धार्मिक जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
शोभायात्रा में संगत के अनुयायी झाड़ू लगाकर मार्ग की सफाई करते और उनके पीछे पंज प्यारे केसरिया वस्त्र धारण कर सिर पर नीला दस्तार बांधे हुए हाथों में तलवार लेकर नंगे पांव चल रहे थे, जिनकी खूबसूरती देखते ही बनी। यात्रा में रथ पर सजाई गई गुरु ग्रंथ साहिब की झांकी, शहीद सिंहों, स्वर्ण मंदिर समेत विभिन्न झांकियां जहां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही, वहीं समाज के बच्चों ने विविध कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
महिलाओं और पुरुषों की टोली के सबद कीर्तन से पूरा नगर गूंजता रहा। गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतब देख लोग चकित रह गए। गुरुद्वारा से निकली यात्रा नगर का भ्रमण कर वापस गुरुद्वारा पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर लंगर छका और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान चेयरमैन नौतनवा बृजेश मणि त्रिपाठी, सिख समुदाय के अध्यक्ष मंजीत सिंह, परमजीत सिंह बॉबी, मोहन सिंह, अमरिंदर सिंह, अनुप्रीत कौर, हरमिंदर सिंह, कुलदीप सिंह मौजूद रहे।